Bihar Crime: अपराधियों ने घर पर चढ़कर की फायरिंग, पति को बचाने दौड़ी पत्नी को लगी गोली, भतीजी भी जख्मी, गांव में मचा हड़कंप

Bihar Crime:कुछ दबंग किस्म के लोगों ने ना सिर्फ हमला बोला बल्कि ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में खौफ फैला दिया।...

Nalanda Clash Turns Bloody Firing Injures Woman Niece
ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : reporter

Bihar Crime:कुछ दबंग किस्म के लोगों ने ना सिर्फ हमला बोला बल्कि ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में खौफ फैला दिया। नालंदा के नूरसराय थाना इलाके के जगदीशपुर मिल्कीपर गांव में एक मामूली सा दिखने वाला विवाद अचानक खूनी मंजर में तब्दील हो गया। खेत में रखे नेवारी (पुआल) को हटाने की नोकझोंक ने ऐसा तूल पकड़ा कि गोलियों की गूंज से पूरा गांव दहशत में डूब गया। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग किस्म के लोगों ने ना सिर्फ हमला बोला बल्कि ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में खौफ फैला दिया।

पीड़ित तिलक गोप के मुताबिक, उनके खेत में महीनों से प्यारे गोप ने जबरन नेवारी डाल रखी थी, जिससे उनकी मूंग की फसल को लगातार नुकसान हो रहा था। कई दफा इल्तिजा करने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो रविवार की सुबह फिर से बात उठी। लेकिन इस बार मामला सुलझने के बजाय सुलग गया।

बताया जाता है कि आरोपी अपने साथियों के साथ गुस्से में तिलक गोप के घर पर चढ़ आया। गाली-गलौज, मारपीट और फिर अचानक गोलियों की बौछार पूरा माहौल जंग के मैदान जैसा हो गया। इसी दौरान जब तिलक गोप की पिटाई हो रही थी, तो उनकी बीवी दुलारी देवी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ीं। मगर दरिंदों ने रहम नहीं किया और उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनके पेट में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।

इस खौफनाक वारदात में तिलक गोप की भतीजी डोली कुमारी भी जख्मी हो गई। गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का आलम बन गया। आनन-फानन में दुलारी देवी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मुल्जिम फरार हो चुके थे। पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में अब भी खौफ का साया कायम है और लोग इंसाफ की राह देख रहे हैं।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय