पटना में झाड़ियों से निर्वस्त्र शव बरामद, मुंह से निकल रहा झाग, ऑनर किलिंग का संदेह

पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति संदिग्ध है। मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

Naked body recovered in Maner
Naked body recovered in Maner- फोटो : news4nation

Bihar News :  राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का निर्वस्त्र शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बारादरी स्थित कब्रिस्तान की चारदीवारी के पास झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति संदिग्ध है। मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत जहर से हुई है या उसकी हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद उसका शव झाड़ियों में लाकर फेंका गया है। कुछ लोगों ने शव की स्थिति और घटनास्थल को देखते हुए इसे ऑनर किलिंग का मामला होने की भी आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को वहां कब और किसने फेंका।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल की जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

सुमित की रिपोर्ट