Bihar Crime: डायन के नाम पर इंसानियत शर्मसार, मुजफ्फरपुर में बहू को सरेआम पीटने का सनसनीखेज कांड, सास-ससुर और देवर गिरफ्तार

Bihar Crime:एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अंधविश्वास और वहशीपन ने इंसानियत को तार-तार कर दिया।...

Muzaffarpur  Woman Brutally Assaulted
डायन के नाम पर इंसानियत शर्मसार- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर करियात थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अंधविश्वास और वहशीपन ने इंसानियत को तार-तार कर दिया। डायन के आरोप की आड़ में एक विवाहिता महिला को उसके ही ससुराल पक्ष के लोगों ने बीच सड़क पर बाल पकड़कर घसीटा, गालियों की बौछार करते हुए बेरहमी से पिटाई कर डाली। यह पूरा वाकया किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो पुरुष और एक महिला मिलकर पीड़िता को घेर लेते हैं और उसे थप्पड़ों व लात-घूंसों से मारते हैं। इस दौरान महिला चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन दरिंदों का दिल नहीं पसीजा। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल पर एक मासूम बच्चा भी मौजूद था, जो यह पूरी हैवानियत अपनी आंखों से देख रहा था। यह दृश्य समाज के लिए एक कड़ा आईना है कि कैसे अंधविश्वास आज भी लोगों के दिमाग पर हावी है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का संज्ञान लिया और पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सास, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई तेज कर दी गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामला पूरी तरह गंभीर है और कानून के तहत सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक ‘डायन प्रथा’ के नाम पर मासूम जिंदगियां कुचली जाती रहेंगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा