निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, 8 हजार रुपये घूस लेते एएसआई रंगे हाथ गिरफ्तार
निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, 8 हजार रुपये घूस लेते एएसआई रंगे हाथ गिरफ्तार
Muzaffarpur:बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरोl ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाईĺ की है। मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर ओपी (आउटपोस्ट) थाना में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मुन्ना यादव को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
केस में मदद के नाम पर मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई मुन्ना यादव एक दर्ज मामले में मदद करने और डायरी को पीड़ित के पक्ष में लिखने के एवज में 8 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। पीड़ित रिश्वत की रकम नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से कर दी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। मामला सही पाए जाने पर डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल (Vigilance Team)का गठन किया गया। जैसे ही पीड़ित ने राजेपुर ओपी परिसर के पास एएसआई मुन्ना यादव को केमिकल लगे हुए 8 हजार रुपये थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया।
निगरानी टीम आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर अपने साथ पटना ले गई है, जहां पूछताछ के बाद उन्हें निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
रिपोर्ट..Manibhusan