Bihar Crime:मुजफ्फरपुर में रातभर बदमाशों ने मचाया आतंक, लूट के दौरान युवक को मारी गोली, वारदात के 6 घंटे में दो अपराधियों को पुलिस ने दबोचा

Bihar Crime:मुजफ्फरपुर में एक के बाद एक लूट की वारदातों को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी और विरोध या सामने आने वालों को निशाना बनाने लगे। ....

Muzaffarpur Police Nab 2 Robbers Within Hours of Shooting Ca
रातभर बदमाशों ने मचाया आतंक- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में सोमवार की रात तीन नकाबपोश अपराधियों ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एक के बाद एक लूट की वारदातों को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी और विरोध या सामने आने वालों को निशाना बनाने लगे। इसी दौरान मुरौल ओपी क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी राजीव रंजन अपराधियों के सामने पड़ गए, जिन पर बदमाशों ने गोली चला दी। गोली लगने से राजीव रंजन गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मुजफ्फरपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतिश कुमार मिश्रा के निर्देश पर कई थानों की पुलिस और एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने अपराधियों के संभावित भागने वाले रास्तों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। नतीजा यह रहा कि वारदात के महज छह घंटे के भीतर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई केटीएम बाइक बरामद कर ली और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे केटीएम बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने सबसे पहले मुरौल ओपी थाना क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद इलाके में खौफ फैलाने के लिए फायरिंग भी की। इसके बाद बदमाश मुसहरी थाना क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने एक अन्य व्यक्ति को निशाना बनाकर लूटपाट की और वहां भी गोली चलाकर दहशत फैलाने की कोशिश की।

दो-दो वारदातों के बाद भी अपराधियों का मनोबल कम नहीं हुआ। इसी दौरान मुजफ्फरपुर-पूसा मुख्य मार्ग पर अपने घर लौट रहे राजीव रंजन उनकी नजर में आ गए। आरोप है कि बदमाशों ने बिना किसी उकसावे के उन पर गोली चला दी, जो सीधे उन्हें जा लगी। गोली लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब उनसे पूछताछ कर पूरे गिरोह की परतें खोली जा रही हैं। वहीं फरार तीसरे अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस तेज कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों को साफ संदेश दिया है कि कानून को चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा