मुजफ्फरपुर में पूर्व वार्ड पार्षद के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, देर रात गोलियों से दहला इलाका
Bihar News : बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने देर रात पूर्व वार्ड पार्षद के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना के बाद पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी का परिवार दहशत में है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, वार्ड-17 के पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी के घर पर देर रात करीब एक बजे बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे और गोलियां चलाने लगे। फायरिंग के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर सिकंदरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि गोलीबारी करने वाले अपराधियों की पहचान की जा सके।
वहीं, पूर्व वार्ड पार्षद अभिषेक सिंह ने आशंका जताई है कि पूर्व के विवाद को लेकर अपराधियों ने उनके घर पर गोलीबारी की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मणिभूषण की रिपोर्ट