Bihar Police Encounter: आधी रात पुलिस-अपराधी के बीच फिर मुठभेड़, मुजफ्फरपुर में जवाबी कार्रवाई में हत्या के आरोपी को पुलिस ने दौड़ा कर मारी गोली

Bihar Police Encounter: अभी गयाजी में एनकाउंटर के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि पुलिस ने मुजफ्फरपुर में अपराधी को गोली मार दी है।

Muzaffarpur Murder Accused Shot During Police Encounter
आधी रात पुलिस-अपराधी के बीच फिर मुठभेड़- फोटो : News4Nation

Bihar Police Encounter: पुलिस ने  बिहार  कई इलाकों में ताबड़तोड़ एनकाउंटर किए हैं, जिनमें कई कुख्यात अपराधियों को गोली लगी है।  अभी गया में एनकाउंटर के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि पुलिस ने मुजफ्फरपुर में अपराधी को गोली मार दी है। मुजफ्फरपुर की रात उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी, जब हत्या के एक आरोपी और पुलिस के बीच आमना-सामना मुठभेड़ में तब्दील हो गया। मुसहरी थाना क्षेत्र के भटौलिया पुल के पास देर रात वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध शख्स को रुकने का इशारा किया, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान संदिग्ध युवक ने रुकने के बजाय अपनी पिस्तौल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग के दौरान एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घायल अपराधी की पहचान वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमित कुमार सिंह हत्या के एक मामले में आरोपी है और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में भी हो सकता था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को अपने कब्जे में लेकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उसकी चिकित्सा चल रही है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए जाने की सूचना है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के साथ कोई और बदमाश भी मौजूद था या नहीं।इस मुठभेड़ ने एक बार फिर यह साफ कर दिया कि कानून के शिकंजे से बचने की कोशिश में अपराधी चाहे जितनी दुस्साहसिक हरकत कर लें, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई उनके मंसूबों पर पानी फेर सकती है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा