Bihar Crime:जमीन का झगड़ा बना जंग का मैदान, लाठी-डंडे और पत्थरों से खूनी भिड़ंत, महिलाओं का रौद्र रूप कैमरे में कैद

Bihar Crime: जमीन के टुकड़े को लेकर छिड़ी रार ने देखते ही देखते खूनी जंग का रूप ले लिया।....

Muzaffarpur Land Dispute
जमीन का झगड़ा बना जंग का मैदान- फोटो : reporter

Bihar Crime: जमीन के टुकड़े को लेकर छिड़ी रार ने देखते ही देखते खूनी जंग का रूप ले लिया।मुजफ्फरपुर में सरैया थाना क्षेत्र के शिउरी गोपीनाथपुर गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो पक्षों के बीच जमकर भिड़ंत होती दिखाई दे रही है। वीडियो में कई महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर शोर-शराबा और मारपीट करती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ महिलाओं पर पत्थरबाजी करने का भी आरोप है।वायरल वीडियो सामने आने के बाद इलाके में यह चर्चा तेज हो गई कि आखिर मामूली कहासुनी किस तरह इतने बड़े बवाल में बदल गई। वीडियो की पड़ताल करने पर सामने आया कि मामला दो दिन पुराना है और सरैया थाना क्षेत्र के शिउरी गोपीनाथपुर गांव का है।

बताया जा रहा है कि गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि दर्जनों महिलाएं एकजुट होकर लाठी-डंडों के साथ सुधीर कुमार के घर पर पहुंच गईं और वहां जमकर हंगामा किया।इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और पत्थरबाजी शुरू हो गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में महिलाओं का आक्रामक तेवर और एक-दूसरे पर हमला करते हुए दृश्य साफ नजर आ रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो में दिख रहे पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।मामला सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आई है। सरैया थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो शिउरी गोपीनाथपुर गांव का ही है और घटना दो दिन पूर्व जमीनी विवाद के दौरान हुई थी।पुलिस के अनुसार मामले में आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पुलिस वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

जमीन को लेकर हुए इस बवाल ने गांव में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है।जमीन के विवाद में लाठी-डंडे और पत्थर चलने की यह तस्वीर बताती है कि मामूली दिखने वाली जमीनी रंजिश कब हिंसक टकराव में बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। फिलहाल पुलिस की तफ्तीश आगे बढ़ रही है और जांच के बाद ही पूरे विवाद की असल वजह तथा जिम्मेदार लोगों की तस्वीर साफ होगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा