Bihar Crime: शादी की महफिल में चली गोली, वार्ड पार्षद के रिश्तेदार पर गोली चलाने का आरोप, बिहार में हर्ष फायरिंग का VIDEO वायरल

Bihar Crime: डीजे, बारात और आतिशबाजी के बीच अचानक चली गोली ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।...

Muzaffarpur Gunfire at Wedding Celebratory Firing Video Spar
शादी की महफिल में चली गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त सुर्खियों में आ गईं जब जश्न के बीच हुई कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। डीजे, बारात और आतिशबाजी के बीच अचानक चली गोली ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अब इस मामले को लेकर पुलिस हरकत में आ गई है और पूरे घटनाक्रम की तहकीकात शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि यह मामला मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर ओपी थाना क्षेत्र के सोडा गोदाम इलाके का है। आरोप है कि वार्ड संख्या 45 के वार्ड सदस्य के छोटे भाई की शादी के दौरान जश्न के माहौल में वार्ड सदस्य के चचेरे भाई ने हथियार निकालकर हवा में गोली दाग दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भीड़ के बीच किसी व्यक्ति के हाथ में हथियार लहराते और फायरिंग करते हुए दिखने की चर्चा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी की महफिल में डीजे की तेज धुन और बारातियों की मस्ती के बीच अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। कुछ पल के लिए माहौल में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन जश्न का शोर इतना था कि कई लोग पहले तो समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या है। बाद में किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और वह देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जश्न के नाम पर हथियारों का यह खेल कब तक चलता रहेगा। कानूनन हर्ष फायरिंग एक गंभीर अपराध माना जाता है, क्योंकि कई बार ऐसी लापरवाही से बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है। सिकंदरपुर ओपी पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वीडियो की सच्चाई और फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान की पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शादी की खुशी के बीच चली इस गोली ने पूरे इलाके में कानून और सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा