Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में दारू माफिया का जंगल कनेक्शन, झाड़ियों में छिपा लाखों का विदेशी शराब का जखीरा बरामद

Bihar Crime:शराब माफिया का सीक्रेट अड्डा बेनकाब हो गया, जहां घने जंगल और झाड़ियों के बीच लाखों रुपये की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।...

Muzaffarpur Foreign Liquor Worth Lakhs Seized from Bushes
दारू माफिया का जंगल कनेक्शन- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में शराब माफिया का सीक्रेट अड्डा बेनकाब हो गया, जहां घने जंगल और झाड़ियों के बीच लाखों रुपये की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। हथौड़ी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर ऑपरेशन जंगल रेड चलाते हुए इस पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया। हालांकि इस काले कारोबार के असली खिलाड़ी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

सूत्रों के मुताबिक, हथौड़ी थाना प्रभारी को खबर मिली थी कि डोकरामा गांव के जंगलों में शराब तस्करों ने भारी मात्रा में विदेशी शराब का स्टॉक छिपा रखा है, जिसे देर रात अलग-अलग ठिकानों पर खपाने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और वरीय अधिकारियों को अलर्ट कर रेड प्लान तैयार किया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने चुपचाप जंगल में दबिश दी। घने झाड़ियों और सुनसान इलाके में घंटों खोजबीन के बाद आखिरकार शराब का जखीरा बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि करीब 200 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसकी बाजार कीमत लाखों में आंकी जा रही है।

लेकिन जैसे ही पुलिस की दबिश की भनक तस्करों को लगी, वे रफूचक्कर हो गए। इस रेड में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई, जिससे यह साफ है कि माफिया का नेटवर्क अभी भी सक्रिय है और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। अब पुलिस इस सप्लाई चेन की तह तक जाने में जुटी है कौन है इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड, कहां से आ रही थी शराब और किन ठिकानों पर पहुंचाई जानी थी। फिलहाल इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शराब माफियाओं में खौफ का माहौल जरूर है, लेकिन बड़ा सवाल अब भी कायम है आखिर इस गैरकानूनी धंधे की जड़ें कितनी गहरी हैं?

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा