Bihar Crime:गेहूं की चोरी रोकना किसान को पड़ा भारी, बेखौफ चोरों ने चाकू से किया हमला, इलाके में दहशत
Bihar Crime: इन दिनों अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि खेत-खलिहान भी सुरक्षित नहीं बचे हैं।..
Bihar Crime: इन दिनों अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि खेत-खलिहान भी सुरक्षित नहीं बचे हैं। मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में बलभद्रपुर बैगना निजामत चवर में देर रात गेहूं की कटनी के बाद रखी गई फसल की चोरी का विरोध करना एक किसान को भारी पड़ गया। बेखौफ बदमाशों ने विरोध करने पर किसान पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।पीड़ित किसान गुड्डू चौधरी, निवासी बैगना गांव, ने थाने में आवेदन देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर करीब आधा दर्जन पुरुष और महिलाएं खेत में रखी गेहूं की फसल को चोरी कर रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो स्थिति अचानक बेकाबू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान बृजकिशोर सहनी और गुड्डू सहनी नामक दो चोरों ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। किसान किसी तरह झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। शोर-शराबा सुनकर आसपास के अन्य किसान मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हड़बड़ी में दो महिला चोरों को पकड़ लिया गया, जबकि पुरुष आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की वारदातों से किसान परेशान हैं। गेहूं के साथ-साथ भूसा तक की चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे किसानों को रात-रात भर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है।
स्थानीय किसान महताब आलम ने भी आरोप लगाया कि बदमाशों ने लगभग 10 कट्ठा खेत की फसल चोरी कर ली है। ग्रामीणों ने इस पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस गश्ती की कमी के कारण चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है और वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि, थाना अध्यक्ष हेमलता कुमारी ने फोन पर इस घटना से अनभिज्ञता जताई है, जबकि इससे पहले भी इसी थाना क्षेत्र के प्रयागचक गांव में बड़ी चोरी की घटना सामने आ चुकी है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा