Bihar Police Attack:शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची उत्पाद टीम पर हमला, हिरासत में लिए आरोपी को छुड़ाया

Bihar Police Attack: शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर हिरासत में लिए गए एक आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है। ...

Muzaffarpur Excise Team Attacked
उत्पाद टीम पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Police Attack: शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर हिरासत में लिए गए एक आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में उत्पाद विभाग के अधिकारी ने मुजफ्फरपुर सकरा थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि 31 अगस्त को उत्पाद विभाग की टीम एएसआई उपेंद्र मंडल के नेतृत्व में सकरा थाना क्षेत्र के रूपानपट्टी चौक पहुंची थी। टीम को इलाके में शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान विशनपुर बहनगरी निवासी पंकज कुमार को हिरासत में लिया गया। इसी दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

आरोप है कि भीड़ ने उत्पाद विभाग की टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की तथा सरकारी कार्रवाई में बाधा डालते हुए हिरासत में लिए गए पंकज कुमार को टीम के कब्जे से छुड़ा लिया। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम किसी तरह मौके से निकलकर घटना की सूचना सकरा थाना पुलिस को दी।

प्राथमिकी में रूपानपट्टी निवासी अरविंद मिश्रा समेत पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया गया है कि अरविंद मिश्रा वर्तमान में दरभंगा जिले में डायल-112 की गाड़ी पर चालक के तौर पर कार्यरत हैं और घटना के वक्त मौके पर मौजूद थे। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।सूचना मिलते ही सकरा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ गिरफ्तारी समेत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा