Bihar Police: अपर थानेदार रिश्वत लेते कैमरे में कैद, DIG की सख्त चेतावनी बेअसर, बिहार पुलिस की वर्दी फिर हुई दागदार!
Bihar Police: बिहार में पुलिस विभाग की इज्जत पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।...
Bihar Police: बिहार में पुलिस विभाग की इज्जत पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। ताजा सनसनीखेज मामले में मुजफ्फरपुर के पियर थाना के अपर थाना अध्यक्ष एस आई अभिनंदन कुमार रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गए हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में भारी रोष पैदा कर रहा है।
दरअसल, कुछ दिन पहले तिरहुत प्रक्षेत्र के DIG चंदन कुशवाहा ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कड़ा संदेश देने की कोशिश की थी। उन्होंने पहले ही पुलिस आरक्षी निरीक्षक सदरे आलम को सेवा से बर्खास्त कर दिया था और साफ कर दिया था कि अगर कोई भी पुलिसकर्मी इस गंदे खेल में शामिल होगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन अब उसी संदेश की धज्जियां उड़ाते हुए, एक अपर थाना अध्यक्ष रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गया।
जानकारी के मुताबिक, नूनफारा निवासी एक दलाल द्वारा रिश्वत की यह रकम ली जा रही थी और उसी समय वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने यह पूरा घटनाक्रम अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोगों में पुलिस विभाग के प्रति भारी नाराजगी फैल गई है।
मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए बताया कि घटना की जांच एसडीपीओ पूर्वी टू मनोज कुमार सिंह कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग ऐसे काले धब्बों को बर्दाश्त नहीं करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडियो की पुष्टि न्यूज4नेशन नहीं करता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं पुलिस की इमेज को धक्का पहुंचाती हैं और आम जनता के मन में भय और अविश्वास पैदा करती हैं। हालांकि DIG और वरीय अधिकारी सख्त कदम उठा रहे हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने साफ कर दिया है कि रिश्वतखोरी का खेल अभी भी जड़ें जमा चुका है। इस सनसनीखेज वीडियो ने यह संदेश भी दे दिया है कि नौकरी चली जाए तो जाए, लेकिन पुलिस के भ्रष्ट खेल का सिलसिला रुकने वाला नहीं है। अब सवाल यह है कि विभाग कितनी गंभीरता से इन काले धब्बों को मिटाएगा और जनता की विश्वास को दोबारा जीत पाएगा।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा