Bihar Crime:बाथरूम में मिली विवाहिता की लाश, हत्या या हादसा के पेंच में फंसा मामला, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: एक विवाहिता महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।....

Muzaffarpur Dead body of a married woman
बाथरूम में मिली विवाहिता की लाश- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना औराई थाना क्षेत्र के बभनगामा पंचायत अंतर्गत चहुंटा गांव की है, जहां शनिवार को एक महिला का शव उसके ही घर के बाथरूम से बरामद किया गया।

मृतका की पहचान 35 वर्षीय रिंकू देवी के रूप में हुई है, जो राजू सिंह की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि महिला का शव बाथरूम में पड़ा मिला, जिसके बाद घर और गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब मृतका के पिता, जो रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के बघारी गांव के निवासी हैं, मौके पर पहुंचे और अपनी बेटी की हत्या की आशंका जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकती है।

ग्रामीणों के मुताबिक, रिंकू देवी की यह दूसरी शादी थी, जो करीब 10 साल पहले हुई थी। महिला का एक 7 साल का बेटा भी है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उसकी शादी इसी गांव में हुई थी, जिससे उसके निजी जीवन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चौकीदार के बयान के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।

फिलहाल बिहार पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हादसा है या हत्या, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत का सच सामने लाएगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा