Bihar Police:पुलिस-ग्रामीण झड़प, खाकी पर भारी भीड़ का गुस्सा, बिहार में बेअसर हुआ कानून,इलाके में तनाव
Bihar Police:दो ऑटो चालकों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना भड़क गया कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा टकराव हो गया। ...
Bihar Police:
मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हालात बेकाबू हो गए जब एक मामूली सड़क हादसा पूरे इलाके को तनाव और अफरा-तफरी के माहौल में झोंक गया। इमलीचट्टी चौक के पास स्कॉर्पियो और बाइक की हल्की टक्कर ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला सिर्फ सड़क विवाद न रहकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा टकराव बन गया।
जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते हाथापाई और झड़प में बदल गई। सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की। लेकिन यहीं से पूरे घटनाक्रम ने क्राइम मोड़ ले लिया।पुलिस ने समझाने-बुझाने के बाद स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लिया और थाने ले जाने लगी, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में सैकड़ों की भीड़ इकट्ठा हो गई और माहौल पूरी तरह गरम हो गया। नारेबाजी, धक्का-मुक्की और तनाव के बीच भीड़ ने पुलिस की हिरासत में लिए गए ड्राइवर को जबरन छुड़ा लिया।
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थिति कुछ देर के लिए पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गई। हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। जांच के दौरान गाड़ी से करीब दो लीटर मिलावटी ताड़ी भी बरामद की गई, जिसने पूरे मामले को एक नया एंगल दे दिया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस कार्रवाई को लेकर असंतोष तेजी से बढ़ा, जबकि पुलिस का कहना है कि वे सिर्फ शांति व्यवस्था बहाल करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन भीड़ के हस्तक्षेप के चलते स्थिति बिगड़ गई।
इधर, मामले पर वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बयान देते हुए कहा कि टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसे सुलझाने पुलिस पहुंची थी। जब स्थिति नियंत्रित नहीं हुई तो ड्राइवर को सुरक्षा की दृष्टि से थाने लाया जा रहा था, लेकिन भीड़ ने हस्तक्षेप कर उसे छुड़ा लिया। एसएसपी ने आगे बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और उसमें मिले संदिग्ध पदार्थ की भी जांच की जा रही है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और भीड़ के बीच तनावपूर्ण स्थिति साफ देखी जा सकती है। इलाके में कुछ समय के लिए तनाव जरूर रहा, लेकिन बाद में पुलिस बल तैनात कर हालात को सामान्य किया गया। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि छोटी सी सड़क दुर्घटना आखिर कैसे कानून-व्यवस्था के बड़े टकराव में बदल जाती है और भीड़ के हस्तक्षेप से पुलिस कार्रवाई कितनी चुनौतीपूर्ण हो जाती है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा