Bihar Crime:पूजा करने पहुंचे कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बेखौफ शूटरों ने दिनदहाड़े बरसाईं गोलियां, हत्या से इलाके में हड़कंप

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ अंदाज में खूनी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी।...

Muzaffarpur Businessman Shot Dead
पूजा करने पहुंचे कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ अंदाज में खूनी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे किताब व्यवसायी और प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की शनिवार सुबह अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत और मातम का माहौल है, जबकि पुलिस हत्या के पीछे जमीनी रंजिश, कारोबार की अदावत और अन्य एंगल से तहकीकात में जुट गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्याम कुमार रोज की तरह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर बेहद करीब से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों का कहना है कि बदमाशों ने तब तक फायरिंग की, जब तक श्याम कुमार लहूलुहान होकर जमीन पर नहीं गिर पड़े। इसके बाद हमलावर हथियार लहराते हुए आराम से मौके से फरार हो गए।घायल कारोबारी को आनन-फानन में इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल व घटनास्थल पर जुट गए।

पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। परिजनों का कहना है कि श्याम कुमार को दो गोलियां लगी थीं। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि शूटरों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके।मृतक श्याम कुमार कुशवाहा इलाके में किताब की दुकान चलाने के साथ-साथ एक पूर्व मुखिया के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार भी करते थे। इसी वजह से पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे जमीन के कारोबार से जुड़ी अदावत या व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता की साजिश हो सकती है। हालांकि पुलिस किसी एक वजह पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित कर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि इस सनसनीखेज कत्ल में शामिल शूटरों और साजिशकर्ताओं को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा