Bihar SUV Raid: बिहार में निगरानी का शिकंजा, घूसखोर साहब और कारिंदा रंगे हाथ धरे गए, 50 हजार की रिश्वत ने बिगाड़ा खेल
Bihar SUV Raid: सूबे में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने आज एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम देकर प्रशासनिक महकमे में तहलका मचा दिया है।
Bihar SUV Raid: सूबे में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने आज एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम देकर प्रशासनिक महकमे में तहलका मचा दिया है। खाकी और कानून की इस संयुक्त कार्रवाई में के मुजफ्फरपुर जिले के प्रभारी कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार और उनके वफादार ड्राइवर रामबाबू राय को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। मुजफ्फरपुर जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार पर एक खाद दुकानदार ने इल्जाम लगाया था कि वे दुकान की जांच और लाइसेंस रद्द करने का खौफ दिखाकर मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। भ्रष्टाचार के इस खेल में साहब ने अपने ड्राइवर को बिचौलिया बनाया था। परिवादी ने हिम्मत दिखाते हुए इसकी लिखित फरयाद SVU से की, जिसके बाद पूरे मामले की गोपनीय सत्यापन की गई।
जब जांच में धांधली की पुष्टि हो गई, तो निगरानी डीएसपी बिंदेश्वर प्रसाद और सुधीर कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल ने बिसात बिछाई। 17 फरवरी 2026 की दोपहर जैसे ही गुनाह की रकम का लेन-देन शुरू हुआ, पहले से घात लगाकर बैठी SVU की टीम ने दबिश दी। साहब और उनका ड्राइवर भ्रष्टाचार की कालिख के साथ रंगे हाथ दबोच लिए गए।
SVU ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। SVU थाना कांड संख्या 6/26 के तहत दोनों मुल्जिमों को हिरासत में लेकर कानूनी शिकंजे में कस दिया गया है। निगरानी के अफसरों का साफ कहना है कि जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले सफेदपोशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से मुजफ्फरपुर के सरकारी दफ्तरों में सन्नाटा पसरा है और रिश्वतखोरों के बीच खलबली मच गई है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा