Bihar Crime: भोजपुरी गायक ने नर्तकी को मंच से भीड़ में उछाला, स्टेज पर हंगामा, वायरल वीडियो ने मचाई सनसनी
Bihar Crime: एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने महफ़िल को महज़ चंद सेकेंड में हंगामे में तब्दील कर दिया। ...
Bihar Crime: एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने महफ़िल को महज़ चंद सेकेंड में हंगामे में तब्दील कर दिया। भोजपुरी गायक धनंजय शर्मा के कार्यक्रम में उस वक्त अफरा-तफरी का आलम बन गया जब उन्होंने मंच पर मौजूद एक नर्तकी को अचानक उठा कर नीचे मौजूद भीड़ की तरफ फेंक दिया। इस पूरी वारदात का वीडियो किसी शख्स ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तूफान की तरह वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह मामला मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड अंतर्गत राजेपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक इलाके के एक मुखिया के यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें भोजपुरी गायक धनंजय शर्मा अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देने पहुंचे थे। मंच पर गीत-संगीत और डांस का दौर चल रहा था, तभी अचानक माहौल ने अजीब करवट ले ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गायक ने नर्तकी को अपनी बाहों में उठाया और कुछ ही पल बाद उसे मंच से नीचे खड़ी भीड़ की तरफ उछाल दिया।
इस अप्रत्याशित हरकत से कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए खलबली मच गई। हालांकि भीड़ में मौजूद लोगों ने नर्तकी को संभाल लिया, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया। लेकिन इस पूरे वाकये का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आया, लोगों के बीच बहस और सवालों का सिलसिला शुरू हो गया।
इधर मामले को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस भी हरकत में आ गई है। सरैया एएसपी गरिमा ने बताया कि फिलहाल इस मामले में राजेपुर थाना में किसी तरह का लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि नर्तकी से पूछताछ के दौरान उसने इसे महज हंसी-मजाक का हिस्सा बताया है और किसी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया है।
एएसपी गरिमा के मुताबिक अगर भविष्य में इस मामले को लेकर थाने में कोई आवेदन मिलता है तो पुलिस विधि-सम्मत कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की पड़ताल कर रही है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। वहीं इलाके में इस अजीबोगरीब घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा