Bihar Crime: स्कूल से निकले तीन छात्र रहस्यमयी ढंग से हो गए हैं गायब,आसमान खा गया या जमीन निगल गई, पुलिस के हाथ खाली

Bihar Crime:एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा आठ के तीन छात्र छुट्टी के बाद अचानक एक साथ लापता हो गए।...

Muzaffarpur 3 Class 8 Students Go Missing After School CCTV
तीन छात्र रहस्यमयी ढंग हो गए गायब- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर के बोचहा थाना क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। बोचहा बाजार स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा आठ के तीन छात्र छुट्टी के बाद अचानक एक साथ लापता हो गए। तीनों छात्र काफी देर तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। पहले परिवार ने अपने स्तर से बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।

बताया जा रहा है कि तीनों छात्र इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ते हैं। मंगलवार को स्कूल में छुट्टी होने के बाद तीनों एक साथ निकले थे। सामान्य तौर पर छुट्टी के बाद बच्चों के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे परिजनों को जब काफी देर तक उनकी कोई खबर नहीं मिली तो चिंता गहराने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन बच्चों का पता नहीं चला।

आखिरकार परिजनों ने बोचहा थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। मामला सामने आते ही थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सबसे पहले स्कूल के आसपास और बच्चों के संभावित रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए।

जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला। CCTV फुटेज में छुट्टी के कुछ समय बाद तीनों छात्र एक साथ एक मॉल के समीप दिखाई दिए। इसके बाद तस्वीर अचानक धुंधली हो जाती है तीनों छात्र वहां से किस दिशा में गए, किसके साथ गए और उसके बाद कहां पहुंचे, इसका अभी तक कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका है।तीनों बच्चों का एक साथ लापता होना पुलिस के लिए भी गंभीर चुनौती बन गया है। जांच टीम अब CCTV फुटेज के आधार पर बच्चों के संभावित रूट का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि मॉल के बाद छात्रों की गतिविधियों का कोई सुराग मिल सके।

बच्चों के अचानक गायब होने की खबर से तीनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता लगातार अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। परिजनों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि तीनों छात्र एक साथ लापता हुए और अब तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तीनों छात्र स्वेच्छा से कहीं गए हैं या उनके गायब होने के पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया है।

प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। तीन नाबालिग छात्रों के एक साथ लापता होने के कारण पुलिस पर जल्द से जल्द सुराग तलाशने का दबाव है। CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्कूल की छुट्टी के बाद मॉल के पास आखिरी बार साथ दिखे तीनों छात्र आखिर कहां चले गए? उनके सुरक्षित मिलने तक परिवारों की बेचैनी बरकरार है और पुलिस की तलाश जारी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा