Bihar Crime: स्मैक माफिया पर पुलिस का शिकंजा, फरार तस्कर के घर कुर्की-जब्ती, दरवाजे-खिड़की से लेकर सामान तक किया जब्त

Bihar Crime: नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे कथित स्मैक तस्कर के घर की कुर्की जब्ती की है....

Munger Police Seize Absconding Drug Smuggler Property
स्मैक माफिया पर पुलिस का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar Crime: नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे कथित स्मैक तस्कर शिवा सहनी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। मुंगेर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत विधि सम्मत तरीके से कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करते हुए घर के किवाड़, खिड़की, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान जब्त कर लिया।गुरुवार को थाना अध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपित शिवा सहनी के घर पहुंची।

पुलिस के अनुसार शिवा सहनी पिछले करीब 10 महीने से स्मैक तस्करी के मामले में फरार चल रहा है। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत जमालपुर और वासुदेवपुर थाना में मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि शिवा सहनी गिरोह बनाकर स्मैक कारोबार संचालित करता है और परिवार के सदस्यों समेत कई लोगों को इस धंधे से जोड़ रखा है। फरवरी 2026 में उसके भतीजे राजा कुमार को 7 ग्राम स्मैक, 15 हजार नकद, मोबाइल, डिजिटल तराजू और सीसीटीवी उपकरण के साथ गिरफ्तार किया गया था। 

पुलिस का कहना है कि फरार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुर्की-जब्ती की इस कार्रवाई में एसआई चंद्रशेखर कुमार, अशोक कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस अब भी मुख्य आरोपी शिवा सहनी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान