Bihar Crime: पति ने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेता, दो मासूम बेटियां हुईं अनाथ, खौफनाक वारदात से दहला इलाका

Bihar Crime: रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। ....

Munger Man Kills Wife
रिश्ते का कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime: रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। मुंगेर के आदर्श थाना जमालपुर क्षेत्र के सदर बाजार फाड़ी के समीप एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत और परिवार में चीख-पुकार मची है। वहीं, दो मासूम बेटियों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।

मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई है। वह भागलपुर के इशाकचक निवासी अमर कुमार की बेटी थी। वर्ष 2015 में उसकी शादी धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर निवासी दशरथ मंडल से हुई थी। दशरथ रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत था और वीआरएस लेकर सेवानिवृत्त हो चुका था। दंपती की दो बेटियां भी हैं।बताया जाता है कि शादी के कुछ वर्षों बाद ही पति-पत्नी के बीच रिश्तों में कड़वाहट बढ़ने लगी थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक स्तर पर कई बार सुलह-समझौते की कोशिश हुई, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ। मामला पहले भी थाने तक पहुंच चुका था।

इधर, पूजा के भाई शुभम कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी बहन को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। करीब एक साल पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। हालांकि, उस वक्त समझौता करा दिया गया था।

बुधवार की देर रात जमालपुर पुलिस ने पूजा के भाई को फोन कर हत्या की खबर दी। मायके वाले जब मौके पर पहुंचे तो पूजा खून से लथपथ मृत पड़ी थी। उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था। घटना के बाद आरोपी दशरथ मंडल ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। बारीकी से जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की तफ्तीश जारी है। इस वारदात ने घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- मो, इम्तियाज