चिड़ियाघर घूमने आई नई-नवेली दुल्हन प्रेमी संग फरार, पति पार्किंग में खड़ा करता रहा बाइक,CCTV में कैद हुई करतूत
शिवपुरी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ग्वालियर चिड़ियाघर घूमने पहुंचे नवविवाहित जोड़े में से पति जैसे ही अपनी बाइक पार्क करने गया, दुल्हन पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी के साथ फरार हो गई। पत्नी की करतूत चिड़ियाघर में लगे CCTV कैद
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के कुछ ही दिनों बाद ग्वालियर चिड़ियाघर (जू) घूमने आई एक नई-नवेली दुल्हन अपने पति को चकमा देकर फरार हो गई। पति को जब तक पूरे माजरे की भनक लगती, तब तक पत्नी अपने प्रेमी के साथ फुर्र हो चुकी थी। इस अनोखी घटना के बाद पीड़ित पति हैरान-परेशान रह गया।
पार्किंग में बाइक खड़ी करने गया पति, पीछे से गायब हुई पत्नी
मिली जानकारी के अनुसार, नवविवाहित जोड़ा ग्वालियर के चिड़ियाघर में सैर-सपाटे के लिए पहुंचा था। चिड़ियाघर के मुख्य गेट के पास पहुंचकर पति अपनी बाइक को पार्किंग में पार्क करने चला गया। उसने अपनी पत्नी को गेट के पास ही इंतजार करने को कहा था। लेकिन जैसे ही पति बाइक खड़ी करके वापस लौटा, पत्नी गायब मिली।
CCTV कैमरों में कैद हुई पूरी वारदात, प्रेमी संग दिखी दुल्हन
पति ने जब पत्नी को आसपास तलाश किया और कोई सुराग नहीं मिला, तो चिड़ियाघर परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में महिला की पूरी करतूत साफ नजर आ गई। फुटेज में दिखा कि जैसे ही पति पार्किंग की तरफ गया, पहले से ही घात लगाए बैठा प्रेमी आया और दुल्हन उसके साथ तेजी से निकल गई।
पीड़ित पति ने पुलिस से लगाई गुहार, इलाके में चर्चा का विषय
CCTV फुटेज से सच सामने आने के बाद बदहवास पति ने तुरंत पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई। शादी के तुरंत बाद घटित इस घटना की खबर जैसे ही परिजनों और रिश्तेदारों में फैली, यह पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बन गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच और फरार प्रेमी जोड़े की तलाश में जुट गई है।