Bihar Crime: शादी से पहले उठी अर्थी, अतिक्रमण हटाने के बाद पट्टीदारों की मारपीट, पटना में युवक की मौत से मातम
har Crime:अप्रैल महीने में जिस घर में शहनाई बजनी थी, वहां अब सिसकियां गूंज रही हैं। ...
Bihar Crime:अप्रैल महीने में जिस घर में शहनाई बजनी थी, वहां अब सिसकियां गूंज रही हैं। अरेराज अनुमंडल के मलाही थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव में एक दर्दनाक घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अ24 वर्षीय बिट्टू कुमार की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। उसकी शादी अप्रैल में तय थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी अर्थी उठ गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक के पिता रामवतार यादव ने आम गैरमजरूआ जमीन को खाली कराने के लिए पहाड़पुर अंचल में आवेदन दिया था। प्रशासन द्वारा तीन दिन पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। आरोप है कि अतिक्रमण हटने से नाराज पट्टीदारों ने आवेदनकर्ता के परिवार पर हमला बोल दिया।
मारपीट के दौरान बिट्टू कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिन हाथों में कुछ ही दिनों बाद सेहरा सजना था, वे हमेशा के लिए खामोश हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अरेराज डीएसपी सहित स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले से तनातनी थी, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मामला हिंसक हो गया। अब गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस एहतियातन निगरानी कर रही है।
यह घटना न केवल एक परिवार की खुशियां छीन ले गई, बल्कि जमीन विवाद की आग में झुलसते रिश्तों की हकीकत भी उजागर कर गई। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार