नेपाल से आकर बिहार में बाइक चुराता था गिरोह, मोतिहारी में पुलिस की गिरफ्त में आया अंतरदेशीय गिरोह

एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने यह कार्रवाई की।

Nepal-Linked Bike Theft Gang
Nepal-Linked Bike Theft Gang- फोटो : news4nation

Bihar News : पूर्वी चंपारण पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल कनेक्शन वाले एक अंतरदेशीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें, पांच मोबाइल फोन, बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर चाबी तथा भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की गई है।


एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि रक्सौल स्थित यूनियन बैंक के पास एक युवक चोरी की नीयत से संदिग्ध गतिविधियां कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर रामगढ़वा थाना क्षेत्र के बेला मुरला गांव निवासी विकास कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बाइक चोरी में प्रयुक्त मास्टर चाबी और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ। पूछताछ में विकास कुमार ने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि वह रक्सौल और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर कुंडवा चैनपुर होते हुए नेपाल के विभिन्न इलाकों में बेचता था।


उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नेपाल के रौतहट जिले के गौर थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुलिया निवासी मुन्ना आलम, अरविंद सिंह, रूपेश कुमार गुप्ता और दिलीप कुमार गिरी को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक टीवीएस अपाचे, एक बजाज पल्सर, एक हीरो सुपर स्प्लेंडर (BR-30T-6925), एक हीरो स्प्लेंडर, पांच मोबाइल फोन, 14,050 रुपये भारतीय मुद्रा, 6,310 नेपाली रुपये और बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर चाबी बरामद की।


रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ रक्सौल और रामगढ़वा थानों में मोटरसाइकिल चोरी और शराब तस्करी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रक्सौल थाना कांड संख्या 299/26 दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


इस कार्रवाई में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, पर्यवेक्षक पदाधिकारी निर्भय कुमार राय, कृष्ण मुरारी, रवि कुमार, जितेंद्र कुमार, विकास कुमार पासवान, अमन कुमार समेत एसआईटी के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस को उम्मीद है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


हिमांशु की रिपोर्ट