Bihar Crime News: सीमा पर तस्करी का खेल फेल, नेपाल से छपरा जा रहा ट्रक पकड़ा गया, तहखाने से भारी मात्रा में गांजा बरामद

Bihar Crime News: बिहार-नेपाल सीमा पर रक्सौल बॉर्डर के पास हरैया थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारी चोट की है।...

Motihari Nepal to Chhapra Drug Smuggling Busted at Raxaul Bo
सीमा पर तस्करी का खेल फेल- फोटो : reporter

Bihar Crime News: बिहार-नेपाल सीमा पर रक्सौल बॉर्डर के पास हरैया थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारी चोट की है। पुलिस ने नेपाल से आ रहे एक ट्रक को पकड़कर उसके गुप्त तहखाने से करीब 3.5 क्विंटल गांजा बरामद किया है। बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

सूत्रों के अनुसार यह खेप सुनियोजित तरीके से नेपाल से छपरा ले जाई जा रही थी। तस्करों ने ट्रक के भीतर विशेष रूप से बनाया गया तहखाना तैयार किया था, जिसमें गांजा को बेहद चालाकी से छिपाया गया था ताकि जांच से बचा जा सके। लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर हरैया थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क की चालाकी को नाकाम कर दिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने ट्रक को रोका और गहन तलाशी ली। इसी दौरान तहखाने का राज खुला और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार चालक मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे तस्करी गिरोह के पीछे के मास्टरमाइंड और सप्लाई चेन का खुलासा किया जा सके। शुरुआती अनुमान के अनुसार जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

इस कार्रवाई को सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। नेपाल सीमा से लगातार होने वाली अवैध तस्करी को रोकने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं, और इस कार्रवाई ने तस्करों की रणनीति को झटका दिया है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि यह खेप किन-किन राज्यों और किन नेटवर्क तक पहुंचाई जानी थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।सीमा क्षेत्र में हुई इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और कड़ी कर दी है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार