Bihar Crime: मोतिहारी जहरीली शराब कांड के मास्टरमाइंड को पुलिस ने दबोचा, 10 लोगों के मौतों के पीछे का खूनी खेल बेनकाब, दिल्ली-UP से भी जुड़ा कनेक्शन

Bihar Crime: मोतिहारी में जहरीली स्प्रिट से हुई 10 लोगों की दर्दनाक मौत के मामले में आखिरकार पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।..

Motihari Mastermind of toxic spirit case
मोतीहारी जहरीली शराब कांड में बड़ा नेटवर्क- फोटो : reporter

Bihar Crime: मोतिहारी में जहरीली स्प्रिट से हुई 10 लोगों की दर्दनाक मौत के मामले में आखिरकार पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इस सनसनीखेज़ कांड के मास्टरमाइंड लवकुश यादव को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद पूरे मामले की परतें एक-एक कर खुलने लगी हैं।

तफ्तीश के दौरान लवकुश यादव ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने कबूल किया कि जहरीली स्प्रिट की खेप उसने गाजियाबाद की एक कंपनी से मंगवाई थी। यह जहरीला माल गोरखपुर के रास्ते बिहार पहुंचा, जहां इसे अवैध तरीके से बेचा गया।

पुलिस के मुताबिक, लवकुश ने बड़ी मात्रा में स्प्रिट मंगवाकर इसे कन्हैया यादव को सप्लाई किया, जिसके बाद यह जहरीली शराब के रूप में लोगों तक पहुंची और 10 जिंदगियां लील गई। इस काले कारोबार ने पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।

एसआईटी अब लवकुश की निशानदेही पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे रैकेट के तार एक बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जिसमें कई और लोग शामिल हैं।

सूत्रों की मानें तो अगर पुलिस और उत्पाद विभाग समय रहते इस जहरीली स्प्रिट की खेप को बरामद नहीं करते, तो यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था। कई और जिंदगियां खतरे में पड़ सकती थीं। फिलहाल पुलिस इस पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खतरनाक धंधे में और कौन-कौन शामिल है। मोतिहारी का यह जहरीली स्प्रिट कांड एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक ऐसे मौत के सौदागर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करते रहेंगे और सिस्टम कब तक उन्हें पनाह देता रहेगा?

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार