Bihar police operation: अपराधियों पर टूटा कुर्की का कहर, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर एक्शन, 70 से अधिक बदमाशों की संपत्ति जब्त, फरारों में हड़कंप

Bihar police operation: कुर्की महाअभियान के नाम पर चल रहे ताबड़तोड़ एक्शन ने बदमाशों की कमर तोड़ दी है।....

 Motihari Crackdown on Criminals Bulldozer Action
अपराधियों पर टूटा कुर्की का कहर- फोटो : X

Bihar police operation: बिहार में पुलिस ने अपराध की दुनिया में हलचल मचा दी है। पूर्वी चंपारण  में कुर्की महाअभियान के नाम पर चल रहे ताबड़तोड़ एक्शन ने बदमाशों की कमर तोड़ दी है। जिले के अलग-अलग थाना इलाकों में पुलिस ने 70 से ज्यादा संगीन मुकदमों में फरार चल रहे मुल्जिमों के घरों पर कानूनी ‘डंडा’ और हथौड़ा चलाते हुए कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस सख्ती के बाद अपराधियों में खौफ का माहौल साफ नजर आ रहा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस अभियान का मकसद साफ है फरार अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाना और उनके गैरकानूनी साम्राज्य को जड़ से उखाड़ फेंकना। पीपरा थाना इलाके में हत्या के एक सनसनीखेज केस में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रही नामजद अभियुक्त सीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इतना ही नहीं, पताही थाना क्षेत्र में कुर्की के खौफ से दो अभियुक्तों ने खुद ही सरेंडर कर दिया, जबकि दो अन्य के घरों पर पुलिस ने ताला तोड़कर जब्ती की कार्रवाई की। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस की सख्ती देखते ही बन रही थी हर गली-मोहल्ले में वर्दी का खौफ नजर आया।

वहीं, मॉब लिंचिंग के एक पुराने मामले में भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पीपरा थाना कांड संख्या 310/19 से जुड़े फरार अभियुक्त होसिला उर्फ होरिल मांझी और पप्पू मांझी के घरों पर कोर्ट के आदेश के बाद कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष अंजन कुमार की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई ने इलाके में सनसनी फैला दी।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने दो टूक कहा है कि कानून से भागने वालों को अब कोई राहत नहीं मिलेगी। पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और फरार अपराधियों की संपत्ति जब्त कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।फिलहाल, इस कुर्की के कहर ने साफ संदेश दे दिया है अब अपराध की दुनिया में बचना नामुमकिन है, क्योंकि कानून का शिकंजा हर दरवाजे तक पहुंच चुका है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार