Bihar Education News:शिक्षा विभाग का कलर्क शिक्षकों मांग रहा था घूस, आरडीडीई ने कसा शिकंजा, अब छोड़ेंगे नहीं..

Bihar Education News: शिक्षकों से अवैध राशि मांगने और लेने के आरोप में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के वरीय लिपिक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।...

Motihari Bihar Education Clerk
शिक्षक से घूस मांगने वाले पर शिकंजा- फोटो : AI

Bihar Education News:  शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ तिरहुत प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक राजदेव राम ने सख्त रुख अपनाया है। शिक्षकों से कथित तौर पर अवैध राशि मांगने और लेने के आरोप में मोतिहारी जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के वरीय लिपिक शिवनाथ विद्यार्थी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। कार्रवाई की खबर से शिक्षा विभाग के कार्यालयों में हड़कंप मचा हुआ है।

आरडीडीई की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, शिवनाथ विद्यार्थी को उनके मूल पदस्थापन जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, मोतिहारी से तत्काल हटाते हुए कार्यालय सहायक निरीक्षक, बुनियादी सघन क्षेत्र वृंदावन, पश्चिम चंपारण में प्रतिनियोजित किया गया है। विभागीय कार्रवाई पूरी होने तक उनका प्रतिनियोजन वहीं रहेगा।मामले की विभागीय जांच के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, सीतामढ़ी को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), मोतिहारी को उपस्थापन पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरोपी कर्मी के विरुद्ध अलग से आरोप पत्र (प्रपत्र-क) गठित कर निर्गत करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, वरीय लिपिक पर शिक्षकों से अवैध वसूली और रिश्वत मांगने से संबंधित शिकायतें सामने आई थीं। मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से पहले भी लिपिक से स्पष्टीकरण मांगा गया था। आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद उनका जवाब नहीं मिला। इसके बाद डीईओ ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा आरडीडीई से की।

आरडीडीई स्तर से भी संबंधित कर्मी से स्पष्टीकरण मांगा गया। विभागीय स्तर पर जवाब की समीक्षा के बाद उसे संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके बाद आरडीडीई ने विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया।प्रतिनियोजन के दौरान वरीय लिपिक के वेतन का भुगतान उनके मूल पदस्थापन कार्यालय से अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर किया जाएगा। विभाग ने प्रतिनियोजन स्थल के रूप में सहायक निरीक्षक, बुनियादी सघन क्षेत्र वृंदावन, पश्चिम चंपारण को निर्धारित किया है।

आरडीडीई की इस कार्रवाई को शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और कथित अवैध वसूली के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। अब विभागीय जांच में यह स्पष्ट होगा कि वरीय लिपिक पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और कथित अवैध वसूली के पीछे क्या पूरा तंत्र काम कर रहा था।फिलहाल कार्रवाई के बाद मोतिहारी जिला शिक्षा कार्यालय में खलबली मची हुई है। विभागीय जांच और आरोप पत्र की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी तथ्य सामने आने की संभावना है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार