पटना में CMS कैश वैन डकैती कांड का बड़ा खुलासा: मुठभेड़ के बाद मास्टरमाइंड समेत 4 अपराधी गिरफ्तार, 5.23 लाख कैश बरामद
Bihar Crime : राजधानी पटना में बीते 13 मई को दिनदहाड़े हुई CMS कैश वैन से 27 लाख की सनसनीखेज डकैती मामले में पटना पुलिस और DIU की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मास्टर माइंड समेत 4 को धर दबोचा है...
Patna : राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में बीते 13 मई को दिनदहाड़े हुई CMS कैश वैन से 27 लाख की सनसनीखेज डकैती मामले में पटना पुलिस और DIU की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घटना के मास्टरमाइंड नीतीश कुमार समेत कुल चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान आकाश कुमार उर्फ सन्नी, आदित्य कुमार उर्फ ज्योतिराज और रवि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस टीम जब अपराधियों का पीछा कर रही थी, तब मास्टरमाइंड नीतीश कुमार ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली गाड़ी के शीशे पर जा लगी। इसके बाद आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। वहीं, भागने की कोशिश में एक अन्य अपराधी का पैर फ्रैक्चर हो गया। दोनों का इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है।
लूटी गई रकम, बाइक और एप्पल फोन बरामद
पटना पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने डकैती के बाद आपस में बांटे गए ₹5 लाख 23 हजार 1 सौ रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई 2 बाइक, लूट के पैसों से तुरंत खरीदे गए 2 कीमती एप्पल आईफोन और घटना के वक्त अपराधियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने एक गुप्त ठिकाने पर बैठकर रकम का बंटवारा किया था, जहां से पुलिस को CMS कंपनी के कुछ अहम पुर्जे और दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।
350 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच, 7 बदमाशों के शामिल होने की आशंका
पूर्वी एसपी ने जानकारी दी कि शुरुआती जांच में वादी द्वारा सिर्फ 4 अभियुक्तों की जानकारी दी गई थी। लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इलाके के लगभग 350 से ज्यादा सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी फुटेज के विश्लेषण से साफ हुआ है कि इस पूरी वारदात में कम से कम 6 से 7 अपराधी शामिल थे। फिलहाल फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
कैश वैन कंपनी की बड़ी लापरवाही और कर्मचारियों की सांठगांठ उजागर
पुलिस जांच में इस पूरी घटना के पीछे CMS कैश वैन कंपनी की भी गंभीर लापरवाही सामने आई है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के साथ-साथ पुलिस को शुरुआती जांच में कैश वैन के ही कुछ कर्मियों और अपराधियों के बीच आंतरिक सांठगांठ (मिलीभगत) होने के पुख्ता संकेत मिले हैं। पुलिस इस बिंदु पर बेहद बारीकी से जांच कर रही है कि अपराधियों को वैन के रूट और उसमें मौजूद नकदी की सटीक जानकारी किसने और कैसे लीक की।
मास्टरमाइंड का पुराना आपराधिक इतिहास, रिमांड पर लेगी पुलिस
पकड़े गए मुख्य आरोपी नीतीश कुमार का पुराना और बड़ा आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर पहले से 17 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने स्पष्ट किया कि पूछताछ में अपराधियों ने कई अहम और चौंकाने वाले राज उगले हैं, जिससे इस कांड में अभी कई और बड़े खुलासे होने बाकी हैं। पटना पुलिस जल्द ही इन अपराधियों को कोर्ट से रिमांड पर लेगी ताकि गहन पूछताछ के जरिए डकैती की गई पूरी ₹27 लाख की रकम को बरामद किया जा सके और घटना के पीछे छिपे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।
अनिल की रिपोर्ट