मुजफ्फरपुर DRI की बड़ी कार्रवाई : मधुबनी टोल प्लाजा पर 65 लाख का गांजा पकड़ा, फर्जी होमगार्ड अधिकारी गिरफ्तार
Muzaffarpur : बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मुजफ्फरपुर DRI की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मधुबनी जिले के राजे टोल प्लाजा के निकट एक विशेष ऑपरेशन चलाकर एक लग्जरी गाड़ी से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त किए गए इस गांजे की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी जा रही है।
गाड़ी पर लगा था 'NHGA जनरल सेक्रेटरी' का बोर्ड, जांच में निकला फर्जी
शातिर तस्करों द्वारा पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए अपनाए गए हथकंडे ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। गिरफ्तार तस्कर खुद को होमगार्ड का बड़ा अधिकारी बताकर घूम रहा था। उसने अपनी लग्जरी गाड़ी पर 'NHGA (नेशनल होमगार्ड एसोसिएशन) के जनरल सेक्रेटरी' का आधिकारिक बोर्ड लगा रखा था, ताकि कोई उसकी गाड़ी को रोकने की हिम्मत न करे। हालांकि, DRI की सटीक इनपुट और शुरुआती जांच में ही यह बोर्ड और उसका दावा पूरी तरह फर्जी पाया गया।
अधिकारियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास, पीछा कर दबोचा
टोल प्लाजा के पास जब डीआरआई (DRI) की टीम ने संदिग्ध लग्जरी वाहन को रुकने का इशारा किया, तो खुद को घिरा देख तस्कर ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने घेराबंदी कर रहे अधिकारियों पर ही गाड़ी चढ़ाने का दुस्साहसिक प्रयास किया। इसके बाद वह तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ले गया। डीआरआई की टीम ने तत्परता दिखाते हुए फिल्मी अंदाज में कई किलोमीटर तक तस्कर का पीछा किया और आखिरकार उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
नालंदा का रहने वाला है तस्कर, त्रिपुरा से हाजीपुर आ रही थी खेप
गाड़ी की सघन तलाशी लेने पर उसके भीतर छिपाकर रखा गया 100 किलो (एक क्विंटल) गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के रहने वाले उदय कुमार के रूप में की गई है। पूछताछ में तस्कर ने कुबूल किया है कि वह गांजे की इस बड़ी खेप को त्रिपुरा के अगरतल्ला से लेकर आ रहा था और इसे वैशाली जिले के हाजीपुर में खपाने की योजना थी। पुलिस और डीआरआई की टीमें अब इस गिरोह के अंतरराज्यीय कनेक्शन और स्थानीय नेटवर्क को खंगालने में जुट गई हैं।
मनीभूषण की रिपोर्ट