Bihar Crime: ताजिया जुलूस में बवाल, पुलिस गाड़ी पर पथराव, डीजे को लेकर जमकर हुआ हंगामा

Bihar Crime: मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हंगामे और बवाल में तब्दील हो गया।...

Uproar during Tazia procession police vehicle pelted with st
ताजिया जुलूस में बवाल- फोटो : reporter

Khagaria: जिले के मड़ैया थाना क्षेत्र में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हंगामे और बवाल में तब्दील हो गया। उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन पर संगबाज़ी (पथराव) कर दी, जिससे सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं पास स्थित एक निजी स्कूल पर भी पथराव की सूचना मिलने से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि घटना का किसी भी तरह का सांप्रदायिक एंगल नहीं है और पूरा विवाद केवल डीजे बजाने को लेकर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ताजिया जुलूस जब पिपरा लतीफ चौक के समीप पहुंचा, तभी डीजे बजाने को लेकर नोकझोंक शुरू हुई। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और कुछ लोगों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया। इस दौरान एक निजी स्कूल पर भी पत्थर फेंके गए। हालांकि स्कूल को हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी डीएसपी समेत जिले के कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मड़ैया थाना में कैंप कर हालात पर लगातार निगरानी शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि हालात पूरी तरह काबू में हैं और क्षेत्र में शांति कायम है।

मड़ैया थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि गुरुवार शाम पुलिस ने एक डीजे जब्त किया था। शुक्रवार सुबह आवश्यक बॉन्ड भरवाने के बाद इस शर्त पर छोड़ा गया कि मुहर्रम जुलूस में उसका इस्तेमाल नहीं होगा। इसके बावजूद जुलूस के दौरान डीजे बजाने की कोशिश की गई, जिससे विवाद भड़क उठा। साइबर डीएसपी निशांत गौरव ने बताया कि पुलिस वाहन पर हमला करने वालों की शिनाख्त कर ली गई है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और लाइसेंसधारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की गई है ताकि मुहर्रम का जुलूस अमन-ओ-चैन और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।

रिपोर्ट- अमित कुमार