Bihar Crime: दिनदहाड़े में युवक पर हमला, पड़ोसी ने सीने में मारी गोली, सीने में गोली लगने से हालत गंभीर
Bihar Crime: एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई।...
Bihar Crime: एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। घटना खगड़िया के परबत्ता थाना क्षेत्र के बड़ी लगार गांव की है, जहां इस सनसनीखेज फायरिंग के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया है।
घायल युवक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो पंकज कुमार यादव का 25 वर्षीय बेटा बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, राहुल अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी पड़ोस में रहने वाला दिलखुश कुमार अचानक वहां पहुंचा और बिना किसी बहस या चेतावनी के सीधे उसके सीने में गोली दाग दी। इस अचानक हमले से मौके पर हड़कंप मच गया और राहुल खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों में कोहराम मच गया। घायल की मां नितो देवी ने बताया कि हमला पूरी तरह अचानक हुआ, जबकि भाई रितेश कुमार ने कहा कि पूरा परिवार इस घटना से सदमे में है।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल राहुल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परबत्ता ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। हालात को देखते हुए बिहार पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और शांति बनाए रखने की अपील की है। परबत्ता थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और उसे कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके।
रिपोर्ट-अमित कुमार