भीषण सड़क हादसा में 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत, सड़क किनारे खड़े एक लॉरी से टकराई कार

हादसे में छह छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाए जाने के बाद दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों के साथ दमकल एवं बचाव दल और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला।

8 Engineering Students Killed
8 Engineering Students Killed- फोटो : news4nation

Engineering Students Killed : एक भीषण सड़क हादसे में आठ इंजीनियरिंग छात्रों की मौत उस समय हो गई जब उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक लॉरी से जा टकराई। यह दर्दनाक हादसा केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात हुआ जिसमें कार सवार सभी छात्रों की मौत हो गई। हादसा कैपमंगलम के पनम्बिकुन्नू इलाके में NH-66 पर करीब रात 11:40 बजे हुआ। छात्रों से भरी कार सड़क किनारे खड़े एक लॉरी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे। वे गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग-66 से यात्रा कर रहे थे। उनकी कार तमिलनाडु नंबर की थी, जबकि जिस लॉरी से टक्कर हुई वह महाराष्ट्र में पंजीकृत थी और हाईवे पर खड़ी थी।


हादसे में छह छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाए जाने के बाद दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों के साथ दमकल एवं बचाव दल और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में भेज दिया गया है।


पुलिस ने छह मृतकों की पहचान कर ली है। इनमें सूर्या, युवासंजित, विश्वा और जोहुआ डिंडीगुल के रहने वाले थे, जबकि संतोष और प्रसन्ना मदुरै के निवासी बताए गए हैं। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।


कैपमंगलम पुलिस ने लॉरी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों और लॉरी के हाईवे पर खड़े होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।