Bihar Crime: BJP नेता के भाई को सीने में मारी गोली, हालत नाजुक, एसपी खुद कर रहे जांच

Bihar Crime: जमीन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।...

Katihar BJP Leader Brother Shot
BJP नेता के भाई को सीने में मारी गोली- फोटो : reporter

Katihar:  जमीन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। भाजपा नेता ओमप्रकाश यादव के भाई विकास यादव को गोली मारने की घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में घर के भीतर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है और इसी दौरान एक व्यक्ति कथित तौर पर गोली चलाता नजर आता है। गोली सीधे विकास यादव के सीने में लगती है, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है।

यह सनसनीखेज वारदात कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र के गौशाला हवाई अड्डा इलाके की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विकास यादव को उनके भाई के साले ने गोली मार दी।

घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल विकास यादव को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच का जिम्मा संभाल लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही घटनाओं का मिलान अन्य साक्ष्यों से किया जा रहा है।

वायरल सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर साफ दिखाई देता है कि घर के भीतर पहले दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती है। इसी दौरान एक व्यक्ति हथियार निकालकर फायरिंग करता नजर आता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जमीन विवाद, पारिवारिक रंजिश और फायरिंग की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह