Bihar Crime: बुलेट पर सवार हथियारबाजों का खौफ! खुलेआम पिस्टल लहराकर दी दहशत की दस्तक, वीडियो वायरल होते ही एक्शन में पुलिस
Bihar Crime: जहानाबाद में कानून को खुली चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।...
Bihar Crime: जहानाबाद में कानून को खुली चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक इलाके में दबंगई का प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। इनमें से दो युवक खुलेआम हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो काको थाना क्षेत्र के लोहा बीघा गांव और आसपास के इलाके का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुलेट पर सवार युवक इलाके में घूमते हुए हथियार का प्रदर्शन कर रहे थे और अपनी धाक जमाने की कोशिश कर रहे थे। चर्चा यह भी है कि कुछ लोगों को धमकाने और खौफ पैदा करने के उद्देश्य से यह करतूत की गई थी।
काको थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस तकनीकी जांच के साथ-साथ वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में कुछ युवकों का संबंध घोसी थाना क्षेत्र के महंदीपुर गांव और काको थाना क्षेत्र के मथुरचक गांव से होने की बात सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और संदिग्ध युवकों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराना और दहशत फैलाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे तत्वों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
वायरल वीडियो ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपराधियों की बढ़ती दुस्साहसिक गतिविधियों को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही हथियार लहराकर कानून को चुनौती देने वाले युवक सलाखों के पीछे होंगे। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार