JDU विधायक पप्पू पांडेय जाएंगे जेल ! 7 साल पुराने फायरिंग मामले में आरोप गठित, भाई और भतीजा भी मुश्किल में
पप्पू पांडेय कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू के विधायक हैं। पुराने आपराधिक मामले में आरोप गठन होने के बाद एक बार फिर उनकी राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें चर्चा में आ गई हैं।
Bihar News : बिहार के गोपालगंज जिले से जेडीयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। करीब सात साल पुराने जानलेवा फायरिंग के मामले में गोपालगंज की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने विधायक पप्पू पांडेय समेत तीन आरोपितों के खिलाफ आरोप गठित कर दिया है।
इस मामले में विधायक के बड़े भाई सतीश पांडेय और उनके भतीजे तथा पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष मुकेश पांडेय भी आरोपित हैं। जिला एवं सत्र न्यायाधीश-3 सह एमपी-एमएलए विशेष न्यायालय के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पांडेय की अदालत में बुधवार को आरोप गठन की प्रक्रिया पूरी की गई।
2019 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामला गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के नयागांव तुलसिया सिंगहा टोला का है। वर्ष 2019 में स्वर्गीय वशिष्ठ तिवारी की पत्नी फूलमती कुंवर ने मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि उनके बेटे अभिमन्यु तिवारी को निशाना बनाकर उसकी हत्या की नीयत से फायरिंग की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने विधायक पप्पू पांडेय, सतीश पांडेय और मुकेश पांडेय के खिलाफ आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया था।
अब गवाहों और साक्ष्यों की होगी पेशी
बुधवार को विशेष एमपी-एमएलए अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान आरोप गठन की कार्रवाई पूरी हो गई। इसके साथ ही मामले की न्यायिक प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है। अब अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में गवाहों के बयान दर्ज कराए जाएंगे और संबंधित साक्ष्य पेश किए जाएंगे। इसके आधार पर आगे की सुनवाई होगी।
गौरतलब है कि पप्पू पांडेय कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू के विधायक हैं। पुराने आपराधिक मामले में आरोप गठन होने के बाद एक बार फिर उनकी राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें चर्चा में आ गई हैं।