Bihar News:बालू माफिया पर बुलडोजर एक्शन, प्रशासन के छापे से हड़कंप, JCB-ट्रैक्टर जब्त

Bihar News: अवैध बालू खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है।

Gopalganj Sand mafia crackdown
बालू माफिया पर बुलडोजर एक्शन- फोटो : reporter

Bihar News: गोपालगंज में अवैध बालू खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। बरौली थाना क्षेत्र के रूपनछाप दियारा इलाके में चल रहे ‘काले कारोबार’ पर नकेल कसते हुए प्रशासन ने छापेमारी कर एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

यह पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी पवन कुमार गुप्ता के निर्देश पर की गई, जिसमें जिला खनिज पदाधिकारी और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल थी। बताया जा रहा है कि प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि रूपनछाप दियारा इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से सफेद बालू का खनन किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही प्रशासन ने बिना देर किए छापेमारी की योजना बनाई और मौके पर दबिश दी। टीम को देखते ही वहां मौजूद खनन माफिया और वाहन चालक मौके से फरार हो गए, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मौके से एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।

अधिकारियों के मुताबिक, जब्त वाहनों के मालिकों की पहचान की जा रही है और इस पूरे नेटवर्क को खंगालने की तैयारी चल रही है। जल्द ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार अभियान चलाकर ऐसे तत्वों पर शिकंजा कसा जाएगा, जो प्राकृतिक संसाधनों की लूट में लगे हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय बालू माफियाओं के बीच खौफ का माहौल है। प्रशासन का यह सख्त संदेश साफ है अब अवैध खनन करने वालों की खैर नहीं, कानून का शिकंजा हर हाल में कसकर रहेगा।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा