Bihar Crime: मस्जिद में अजान के वक्त मौलवी की चाकू मारकर हत्या, इलाके में खौफ

Bihar Crime:मस्जिद में मौलवी की चाकू मारकर हत्या की गई है। वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में खौफ और सनसनी का माहौल बन गया।

Gopalganj Mosque Horror Maulvi Found Stabbed to Death
मौलवी की चाकू मारकर हत्या- फोटो : reporter

Gopalganj:  उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां तैनात मौलवी का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मौलवी की चाकू मारकर हत्या की गई है। वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में खौफ और सनसनी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि निर्धारित समय पर जब मस्जिद से अजान की आवाज नहीं आई तो आसपास के लोगों को किसी अनहोनी का शक हुआ। कुछ लोग जब मस्जिद के अंदर पहुंचे तो वहां मौलवी का शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए बारीकी से जांच शुरू कर दी। मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौलवी की हत्या किसने और किस मकसद से की।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिले के कई थानों की पुलिस को मौके पर लगाया गया है, ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति पैदा न हो। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित आरोपियों और घटना से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस कई एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के अलावा पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

मस्जिद जैसी जगह पर हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का पूरा जोर स्थिति को शांत बनाए रखने और हत्या की असल वजह सामने लाने पर है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस सनसनीखेज वारदात के पीछे छिपे राज से पर्दा उठने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा