Bihar Crime: अपराधियों ने युवक को गोली मारी, घर के बाहर सोते समय वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार
Bihar Crime: घर के बाहर सो रहे एक युवक को सिर में गोली मार दी गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।...
Gopalganj: जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना जगरनाथ तोता राम के टोला गांव में घर के बाहर सो रहे एक युवक को सिर में गोली मार दी गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
घायल युवक की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो जंगबहादुर यादव का पुत्र बताया जा रहा है। घटना उस वक्त हुई जब संतोष अपने घर के बाहर सो रहा था। देर रात अचानक हमलावर पहुंचे और उसे निशाना बनाते हुए गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनते ही घरवाले बाहर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
आनन-फानन में परिजनों ने घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आनंद मोहन गुप्ता और मीरगंज थानाध्यक्ष दुर्गानंद मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे पुराना जमीन विवाद सामने आ रहा है। घायल के भाई के बयान पर मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें पड़ोसी मदन कुमार यादव, हरिनंद यादव और हरिकेश यादव को नामजद किया गया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उनकी जमीन पर कब्जा किए हुए थे और इसको लेकर कोर्ट में मामला भी चल रहा है। साथ ही, उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। इसी रंजिश में इस हमले को अंजाम दिया गया।
एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस इलाके में गश्त बढ़ाकर स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रही है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा