Bihar Crime: शराब की तलब ने छीनी सुध-बुध, पैसे नहीं मिले तो खुद को मार लिया चाकू, पत्नी की आंखों के सामने गला काटकर मचाया कोहराम
Bihar Crime: शराब के लिए चंद रुपये नहीं मिले तो एक शख्स ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया कि पत्नी, बच्चे और परिजन चीखते-चिल्लाते रह गए।......
Bihar Crime: शराब की लत जब जुनून बन जाए तो इंसान अपने ही घर का दुश्मन बन बैठता है। गोपालगंज में नशे की ऐसी सनक सामने आई, जिसने पूरे परिवार को दहला दिया। शराब के लिए चंद रुपये नहीं मिले तो एक शख्स ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया कि पत्नी, बच्चे और परिजन चीखते-चिल्लाते रह गए। गुस्से और नशे की तलब में उसने घर में रखा चाकू उठाया और अपनी ही गर्दन पर चला दिया। देखते ही देखते घर का आंगन चीख-पुकार से गूंज उठा।
यह सनसनीखेज घटना गोपालगंज के गोपालपुर थाना क्षेत्र के करवतही गांव की है। बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति लंबे समय से शराब पीने का आदी है। घटना के समय वह अपनी पत्नी से शराब खरीदने के लिए पैसे मांग रहा था। लेकिन घर की तंगहाली और बच्चों की जरूरतों के बीच पत्नी के पास देने के लिए एक रुपया भी नहीं था। पत्नी ने पैसे देने से इनकार किया तो पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
गुस्से में उसने घर में रखा चाकू उठाया और बिना कुछ सोचे-समझे अपने ही गले पर वार कर लिया। देखते ही देखते वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। यह भयावह मंजर देखकर पत्नी और बच्चे बदहवास हो गए। घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार उस पर नजर रखी जा रही है।
घायल की पत्नी मुनि खातून ने बताया कि उनका परिवार चूड़ियां बेचकर किसी तरह दो वक्त की रोटी का इंतजाम करता है। घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं और उस समय उनके पास एक भी रुपया नहीं था। इसके बावजूद पति लगातार शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। जब उन्होंने मजबूरी बताकर पैसे देने से इनकार किया तो पति ने गुस्से में अपने ही हाथों अपनी गर्दन पर चाकू चला लिया। पत्नी के मुताबिक यह पूरी घटना उनकी आंखों के सामने हुई। उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया और किसी तरह पति की जान बचाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे केवल नशे की लत थी या कोई अन्य वजह भी सामने आती है। फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।यह घटना एक बार फिर बताती है कि शराब की लत केवल जेब ही नहीं, रिश्तों, परिवार और जिंदगी तक को तबाह कर देती है। चंद रुपयों की खातिर एक परिवार की खुशियां खून से रंग गईं और मासूम बच्चों के सामने ऐसा मंजर खड़ा हो गया, जिसे वे शायद कभी भूल नहीं पाएंगे।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा