Bihar Crime: लाला छापर में गोलियों की बरसात, लूट करने आए अपराधियों पर भारी पड़े ग्रामीण, 2 अपराधी ढेर

Bihar Crime:दीपक ज्वेलर्स को निशाना बनाकर आए हथियारबंद बदमाशों ने जो तांडव मचाया, उसने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।...

Gopalganj Jewelry Heist Turns Deadly Two Criminals Killed
लूट करने आए अपराधियों पर भारी पड़े ग्रामीण- फोटो : reporter

Bihar Crime:गोपालगंज से इस वक्त की सबसे सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर बाजार में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान पर हुई लूट ने पूरे इलाके को दहशत और गुस्से में झोंक दिया। दीपक ज्वेलर्स को निशाना बनाकर आए हथियारबंद बदमाशों ने जो तांडव मचाया, उसने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, करीब पांच अपराधी सुबह दुकान में घुसे और हथियार के बल पर सोना-चांदी लूटना शुरू कर दिया। दुकान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, और बाहर बाजार में भी हड़कंप मच गया। अपराधियों ने डर फैलाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन इसी बीच स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया।

हालांकि हालात और बिगड़ गए जब बाकी अपराधियों ने भागते वक्त अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस फायरिंग में दो स्थानीय लोग गोली लगने से घायल हो गए। इनमें डब्लू मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई इस बार जनता खुद कानून का हाथ बन गई। फायरिंग के बाद भाग रहे अपराधियों को ग्रामीणों ने घेर लिया। गुस्से से भरी भीड़ ने दो बदमाशों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। इसी दौरान एक अपराधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ गया।

कुल मिलाकर इस पूरे घटनाक्रम में चार अपराधी ग्रामीणों के कब्जे में आए, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है और दो का इलाज अस्पताल में चल रहा है। एक अन्य अपराधी के फरार होने की भी सूचना है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने जहां अपराधियों की बेखौफ हिम्मत को उजागर किया है, वहीं ग्रामीणों के उग्र प्रतिरोध ने कानून और भीड़-न्याय के बीच की खतरनाक लकीर को भी सामने ला दिया है। अब पूरे जिले की नजर पुलिस की कार्रवाई और फरार अपराधी की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा