Bihar Crime: गोपालगंज में गैस सिलेंडरों का काला खेल बेनकाब, 17 सिलेंडर बरामद, प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Bihar Crime: एक आम से घर में छिपाकर रखे गए एलपीजी गैस के 17 सिलेंडर बरामद किए गए जिनमें 10 भरे हुए और 7 खाली सिलेंडर शामिल हैं।...

Gopalganj gas cylinder racket exposed
गैस सिलेंडरों का काला खेल बेनकाब- फोटो : reporter

Gopalganj: जिला से  इस वक्त एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने इलाके में हलचल मचा दी है। नगर थाना क्षेत्र के भीतभैरवा गांव के समीप चवर इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर प्रशासन ने जब छापेमारी की, तो वहां का मंजर देखकर हर कोई हैरान रह गया। 

जैसे ही इस मामले की भनक पुलिस को लगी, नगर थाना की टीम फौरन मौके पर पहुंची और बिना देर किए सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया। पूरा इलाका उस वक्त अफरा-तफरी और हैरानी में डूब गया, जब लोगों को इस ‘गैस के जखीरे’ की खबर मिली। सवाल उठने लगे आखिर एक साधारण घर में इतनी बड़ी तादाद में सिलेंडर क्यों जमा किए गए थे?

प्रशासन को शक है कि यह मामला सीधा-सीधा कालाबाजारी और जमाखोरी से जुड़ा हो सकता है। क्योंकि आमतौर पर किसी व्यक्ति के पास इतनी संख्या में एलपीजी सिलेंडर होना नियमों के खिलाफ है और यह आम उपभोक्ताओं के हक पर डाका डालने जैसा है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि छापेमारी के दौरान मौके पर कोई भी शख्स मौजूद नहीं मिला। यानी जिस घर से यह सिलेंडर बरामद हुए, वहां का मालिक या संबंधित व्यक्ति पहले ही फरार हो चुका था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और दोषियों की पहचान के लिए तफ्तीश तेज कर दी गई है।

सदर एसडीएम अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उन्होंने साफ कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का मिलना इस बात का संकेत है कि अवैध तरीके से गैस की जमाखोरी या ब्लैक मार्केटिंग की जा रही थी।

हालांकि प्रशासन ने आम लोगों को भरोसा दिलाया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और डोर-टू-डोर डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि जमाखोरी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस ‘गैस कांड’ के पीछे कौन है और इसका असली नेटवर्क कितना बड़ा है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे इस रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा