Police Encounter: पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़, तस्कर घायल, शराब से लदी स्कॉर्पियो जब्त, गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका

Police Encounter: पुलिस और कथित शराब तस्करों के बीच आमना-सामना गोलियों की गूंज में तब्दील हो गया।

Gopalganj Bootlegger Shot Police Encounter Liquor Seized
पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़- फोटो : reporter

Police Encounter: गोपालगंज में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस और कथित शराब तस्करों के बीच आमना-सामना गोलियों की गूंज में तब्दील हो गया। श्रीपुर ओपी थाना क्षेत्र के मिश्रबतराहा गांव के समीप हुई इस मुठभेड़ ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। पुलिस का दावा है कि गुप्त सूचना के आधार पर शराब तस्करों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही थी, तभी तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही श्रीपुर ओपी पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर वाहन को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन सवार तस्करों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर कई राउंड गोलियां दाग दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से चली गोलीबारी के दौरान एक कथित तस्कर गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे पहले गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की सूचना है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटनास्थल से पुलिस ने शराब से लदी स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और वाहन में मौजूद अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और फॉरेंसिक जांच की भी तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में शराब तस्करी के नेटवर्क और उससे जुड़े अपराधियों के दुस्साहस को उजागर कर दिया है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा