Bihar Crime: गोपालगंज में खेत से मिली किशोरी की लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, दियारा इलाके में सनसनी

Bihar Crime: सड़क किनारे खेत में एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद किया गया।...

Gopalganj body of a teenage girl was found in a field
खेत से मिली किशोरी की लाश- फोटो : reporter

Gopalganj: जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र स्थित गम्हरिया दियारा इलाके में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे खेत में एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे इलाके में दहशत और खौफ का माहौल कायम हो गया।

सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ राजेश कुमार भी एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह कुछ ग्रामीण खेत की ओर गए थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे पड़ी किशोरी की लाश पर गई। शव की हालत संदिग्ध बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि किशोरी की हत्या कहीं और की गई और बाद में पहचान छिपाने की नीयत से शव को खेत में फेंक दिया गया।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि शव की स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। किसी ने इसे सुनियोजित हत्या बताया तो किसी ने अपराधियों की हैवानियत पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि दियारा इलाका अक्सर अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है, जहां वारदात के बाद शव फेंकने की घटनाएं बढ़ रही हैं।

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी की जानकारी खंगाल रही है। टेक्निकल सेल की टीम भी सक्रिय कर दी गई है ताकि जल्द से जल्द मृतका की पहचान हो सके और अपराधियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

इधर, इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा