Bihar Police: ड्यूटी से गायब 14 पुलिसकर्मी निलंबित,पुलिस लाइन में हड़कंप

Bihar Police: पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन को लेकर एसएसपी ने सख्त रुख अख्तियार किया है।...

Bihar Police
ड्यूटी से गायब 14 पुलिसकर्मी निलंबित- फोटो : social Media

Bihar Police: गया में पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन को लेकर एसएसपी सुशील कुमार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और हाजिरी की जांच के दौरान छुट्टी खत्म होने के बावजूद समय पर ड्यूटी पर योगदान नहीं देने का मामला सामने आया। इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने एक साथ 14 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

निलंबित पुलिसकर्मियों में 2 पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और 12 सिपाही शामिल हैं। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्धारित अवधि में अवकाश समाप्त होने के बाद वापस लौटकर अपने कर्तव्य पर योगदान देना था, लेकिन उन्होंने तय समय पर ड्यूटी ज्वाइन नहीं की।

पुलिस लाइन में हुई जांच के दौरान गैरहाजिरी का मामला सामने आने के बाद एसएसपी ने तत्काल अनुशासनिक कार्रवाई की। विभागीय कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। साथ ही यह संदेश भी गया है कि ड्यूटी के मामले में किसी तरह की कोताही, मनमानी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी सुशील कुमार ने जिले के तमाम पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को कर्तव्य के प्रति मुस्तैद, अनुशासित और जिम्मेदार रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने साफ किया कि अवकाश की अवधि समाप्त होने के बाद निर्धारित समय पर ड्यूटी पर लौटना पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है।

बिना उचित कारण अथवा सक्षम अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित रहना गंभीर अनुशासनहीनता मानी जाएगी। पुलिसकर्मियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्ध तरीके से करने को कहा गया है।एसएसपी की इस कार्रवाई को गया पुलिस में अनुशासन की लगाम कसने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। एक साथ 14 पुलिसकर्मियों के निलंबन से महकमे में साफ संदेश गया है कि वर्दी पहनने के साथ कर्तव्य के प्रति जवाबदेही भी अनिवार्य है।
रिपोर्ट- प्रेमशंकर