Bihar Crime: मोबाइल दुकान में दो बार चोरी का सनसनीखेज खुलासा, वर्कशॉप से 11 मोबाइल समेत भारी मात्रा में सामान ऐसे किया बरामद

Bihar Crime: मोबाइल दुकान को निशाना बनाकर छह महीने के भीतर दो बार चोरी की गई थी। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल के इस्तेमाल से मिले सुराग के आधार पर खुलास किया है....

Gaya Mobile Shop
मोबाइल दुकान में दो बार चोरी का सनसनीखेज खुलासा- फोटो : reporter

Bihar Crime: गया जिले में मोबाइल दुकान में चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। आमस थाना क्षेत्र के बोझिल गांव स्थित आरके डिजिटल मोबाइल दुकान को निशाना बनाकर छह महीने के भीतर दो बार चोरी की गई थी। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल के इस्तेमाल से मिले सुराग के आधार पर औरंगाबाद जिले के बालूगंज बाजार स्थित एक इंजीनियरिंग वर्कशॉप से चोरी के 11 मोबाइल समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। मामले में वर्कशॉप संचालक पंकज विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, चोरी का सामान बेचने और खरीदने के मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

छह महीने में दो बार दुकान को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, बोझिल गांव स्थित आरके डिजिटल मोबाइल दुकान में चोरी की पहली घटना 2 अप्रैल 2026 की रात हुई थी। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 की रात चोरों ने दूसरी बार दुकान को निशाना बनाया। लगातार हुई इन वारदातों से दुकानदार को नुकसान उठाना पड़ा। दोनों घटनाओं को लेकर आमस थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान चोरी किए गए रियलमी मोबाइल के इस्तेमाल से पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर जांच की कड़ियां औरंगाबाद जिले तक पहुंचीं।

एक मोबाइल ने खोला चोरी का राज

पुलिस के मुताबिक, चोरी का रियलमी मोबाइल औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के तेतुआ गांव निवासी कमलेश कुमार के पास से बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि मोबाइल बालूगंज बाजार स्थित बन्दे इंजीनियरिंग वर्कशॉप से खरीदा था।इसके बाद पुलिस ने संबंधित वर्कशॉप में जांच-पड़ताल की। वहां से चोरी के अन्य मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से दुकान में हुई चोरी की घटनाओं के अनुसंधान में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

11 मोबाइल समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान की बड़ी खेप बरामद

पुलिस ने वर्कशॉप से अलग-अलग कंपनियों के कुल 11 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद सामान में आईटेल के छह मोबाइल, जियो भारत वी4 के तीन मोबाइल और एचएमडी 101 के दो मोबाइल शामिल हैं।इसके अलावा पुलिस ने 165 डाटा केबल, 10 ईयरबड्स, 30 नेकबड्स, 13 टेम्पर्ड ग्लास, सात स्मार्ट चार्जर और 34 स्मार्ट केबल भी जब्त किए हैं। पुलिस बरामद सामान को चोरी की दोनों घटनाओं से जोड़कर जांच कर रही है।

सस्ते दाम पर चोरी का सामान खरीदने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पंकज विश्वकर्मा ने चोरी के मोबाइल और अन्य सामान मिथुन कुमार तथा टुन्नु कुमार से सस्ते दाम पर खरीदने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इन दोनों समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और शेष चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुकान से चोरी किए गए सामान की खरीद-बिक्री में और कौन-कौन लोग शामिल थे।फिलहाल, आमस पुलिस की जांच में मोबाइल के इस्तेमाल से मिला सुराग अहम साबित हुआ है। दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं से जुड़े इस मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी पर सबकी नजर है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार