Bihar Crime: भोजपुरी गाने की धुन पर खौफ का प्रदर्शन, युवक का हथियार लहराते वीडियो वायरल, कानून को खुली चुनौती
Bihar Crime: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक अपने दोस्तों के साथ भोजपुरी गाने की धुन पर हथियार के साथ डांस करता नजर आ रहा है।
Bihar Crime: गयाजी जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने कानून-व्यवस्था और हथियारों के खुले प्रदर्शन को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक अपने दोस्तों के साथ भोजपुरी गाने की धुन पर डांस करता नजर आ रहा है। लेकिन चर्चा डांस की नहीं, बल्कि उसके हाथ में लहराए जा रहे कथित हथियार की हो रही है, जिसे देखकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कानून का खौफ किस हद तक कम हो गया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो बोधगया थाना क्षेत्र की गाफा पंचायत का है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक अपने साथियों के बीच पूरे बेखौफ अंदाज में कथित हथियार लहरा रहा है। आसपास मौजूद लोग भी इस दौरान मौजूद हैं, लेकिन किसी तरह की झिझक या डर उसके चेहरे पर नजर नहीं आता। यही वजह है कि वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि युवाओं के बीच गलत संदेश भी देता है। सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में इस तरह के वीडियो बनाना और फिर उन्हें साझा करना अब एक चिंताजनक प्रवृत्ति बनती जा रही है। कई लोग इसे कानून को खुली चुनौती और दबंगई के प्रदर्शन के तौर पर देख रहे हैं।
हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे हथियार की वैधता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। लेकिन वीडियो के सामने आने के बाद बोधगया पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने वायरल फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि हथियार का प्रदर्शन और संबंधित गतिविधियां कानून के विरुद्ध पाई जाती हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि वायरल वीडियो के पीछे की हकीकत क्या है और कानून को चुनौती देने वाले इस कथित प्रदर्शन पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार