Bihar Crime: विधायक के काफिले पर हमला, सुरक्षाकर्मियों से हाथापाई और गाड़ी तोड़फोड़, जानलेवा साजिश का आरोप

Bihar Crime: विधायक के काफिले पर कथित तौर पर हमला किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

Gaya Attack on MLA Jyoti Manjhi Convoy Sparks Probe
विधायक के काफिले पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार में एक बड़ा राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है, जहां बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर कथित तौर पर हमला किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

घटना 17 मई की बताई जा रही है, जब विधायक गया जी के मोहनपुर प्रखंड के गंभीरा गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में सुनियोजित तरीके से उनके काफिले को रोका गया और फिर अचानक हमला कर दिया गया। विधायक के अनुसार, नदी पार करने के बाद कच्चे रास्ते पर एक सवारी वाहन को बीच सड़क पर खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब सुरक्षाकर्मियों ने वाहन हटाने की कोशिश की। इसी दौरान लगभग 15 से 20 लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज के साथ हाथापाई पर उतर आए। आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की।

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ने की कोशिश की, जिससे जानलेवा स्थिति बन गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विधायक वाहन से बाहर नहीं निकलीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया है। विधायक ने तत्काल मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले पर सौरव जायसवाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह घटना एक बार फिर राज्य में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था और ग्रामीण इलाकों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार