नवादा में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, घर में लाखों का सामान जलकर राख, अग्निशमन विभाग ने ऐसे बचाई जान

 fire broke out in Nawada
fire broke out in Nawada- फोटो : news4nation

Bihar News : नवादा  नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत घनी आबादी वाले मंगल बीघा के निकट  बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने वाले घर के मालिक नीरज साव हैं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, लेकिन अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।सूचना मिलते ही अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची। 


टीम ने सबसे पहले पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पूरी तरह आग पर काबू पा लिया गया। यदि आग पड़ोस में फैलती तो घनी बस्ती में भारी तबाही मच सकती थी।इस हादसे में घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। पलंग, फर्नीचर, बिस्तर और अन्य घरेलू सामग्रियां पूरी तरह नष्ट हो गईं। परिवार के सदस्य सदमे में हैं। 


बताया जा रहा है कि आग लगने के समय परिवार सो रहा था। अचानक बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली, जो तेजी से बिस्तर तक पहुंच गई और आग भड़क उठी।अग्निशमन अधिकारी ने मौके पर मौजूद लोगों से अपील की कि घरों में सस्ते और लोकल इलेक्ट्रिकल सामान का इस्तेमाल न करें। अच्छी क्वालिटी के MCB, वायरिंग और बोर्ड लगाएं। पुरानी तारों की नियमित जांच कराएं। छोटी-सी लापरवाही बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।


स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई से बड़ा अनर्थ टला। इस घटना ने इलाके में बिजली सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ा दी है।

अमन की रिपोर्ट