ई-रिक्शा से गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 28 किलो से अधिक मादक पदार्थ के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
Vaishali : जिले की बिदुपुर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चकौशन ग्रामीण बैंक के समीप घेराबंदी कर 28.820 किलो गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से पांच अंतर-जिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया गया है।
राघोपुर से हाजीपुर जा रही थी खेप
सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर पीपा पुल के रास्ते गांजा लेकर हाजीपुर की ओर जा रहे हैं। एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे यह खेप राघोपुर से लेकर हाजीपुर के गांधी चौक पर डिलीवरी देने जा रहे थे।
मोबाइल से मिले अहम तकनीकी साक्ष्य
गिरफ्तार तस्करों के पास से बरामद मोबाइल फोनों की जांच में पुलिस को इस अवैध धंधे से जुड़े कई महत्वपूर्ण तकनीकी सुराग मिले हैं। एसडीपीओ ने बताया कि इन साक्ष्यों के आधार पर इस सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि तस्करी की कड़ियाँ कहाँ-कहाँ जुड़ी हैं। पुलिस अब उन मास्टरमाइंड्स की तलाश में है जो परदे के पीछे से इस कारोबार को संचालित कर रहे हैं।
सभी आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने इस मामले में बिदुपुर थाना कांड संख्या 227/26 दर्ज कर सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पप्पू कुमार, बबलू कुमार, गरीबन दास, सत्येन्द्र कुमार और पप्पू दास के रूप में हुई है, जो सभी राघोपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है।
अवैध कारोबार के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने स्पष्ट किया कि वैशाली पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सफल छापेमारी के बाद क्षेत्र के अन्य मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिषभ की रिपोर्ट